लॉकडाउन में निर्माण कार्य बंद होने से एमडीडीए में नक्शा पास कराने वालों की संख्या बेहद कम रही। इसका नतीजा यह रहा है कि अब नक्शों का बैकलॉग बहुत कम हो गया है। इसके अलावा ऑनलाइन सॉफ्टवेयर होने से भी काम में तेजी आई है।
इस समय एमडीडीए में मात्र 170 आवासीय नक्शे पेंडिंग हैं। जबकि कुछ ऐसे हैं जिन पर आपत्तियां लगाई गई हैं। एमडीडीए में कभी नक्शा पास कराने के लिए लोगों को महीने तक चक्कर काटने पड़ते थे। लेकिन, पहले ऑटो कैड और फिर ऑनलाइन सॉफ्टवेयर से नक्शा पास होने की प्रक्रिया में लगने वाला समय काफी कम हो गया है। अब सभी तरह के दस्तावेज सही होने और निर्माण बिल्डिंग बॉयलाज के अनुसार होने पर तीन-चार दिन में नक्शा पास हो रहा है।
फिलहाल आवासीय श्रेणी में नक्शे तीन से चार दिन में पास हो रहे हैं। इस समय को और कम करने का प्रयास किया जा रहा है। लॉकडाउन से पहले हमने 24 घंटे में नक्शा पास करके दिया है। लोगों की सहूलियत के लिए पेंडेंसी निपटाई जा रही है ताकि लोगों को समय पर नक्शे मिल सकें।
- गिरीश गुणवंत, सचिव, एमडीडीए