हल्द्वानी। 13 मई से होने वाली सम सेमेस्टर की परीक्षाओं को लेकर छात्र परेशान हैं। कुमाऊं विश्वविद्यालय के पोर्टल पर परीक्षा फार्म भरने के बाद भी सत्यापित नहीं हो पा रहा है। कई छात्राओं की दो बार परीक्षा फीस कट गई है। इसके बावजूद परीक्षा फार्म समिट नहीं हो रहा है।
एमबीपीजी कॉलेज के परीक्षा विभाग में शुक्रवार को छात्र-छात्राओं की भीड़ रही। परीक्षा फार्म नहीं भरने की शिकायत लेकर छात्र कॉलेज पहुंच रहे हैं। छात्रों ने बताया कि उन्होंने कुमाऊं विवि के पोर्टल पर अपनी लॉगइन आईडी से परीक्षा फार्म भरा। सारी जानकारी भरने के बाद फीस भी कट गई, लेकिन फार्म वेरिफाइड नहीं हुआ।
गलत वाेकेशनल और माइनर विषय चुने : एमबीपीजी कॉलेज के कई छात्रों ने नासमझी के कारण परीक्षा फार्म में वाेकेशनल और माइनर विषयों का गलत चुनाव कर दिया। स्नातक में कई छात्र ऐसे मिले, जिन्होंने परीक्षा फार्म में उन वोकेशनल और माइनर विषयों का चयन किया है, जो कॉलेज में संचालित ही नहीं हो रहे। कॉलेज प्रशासन के अनुसार गलत विषयों के चुनाव के कारण अब तक 40 विद्यार्थियों के परीक्षा फार्म में करेक्शन किया गया है।