रामनगर (नैनीताल)। शिवलालपुर निवासी युवक का शव बृहस्पतिवार देर रात सड़क पर पड़ा मिला। परिजनों ने मामले में दो लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस मामले को हादसा बता रही है।
बृहस्पतिवार देर रात टांडा मल्लू के पास एक एक युवक का शव सड़क पर पड़ा मिला। पुलिस युवक को अस्पताल लेकर पहुंचे और शिनाख्ती के प्रयास किए। देर रात युवक की पहचान मनोज कुमार (32) पुत्र हरपाल निवासी ग्राम शिवलालपुर रिउनिया के रूप में हुई। शुक्रवार सुबह युवक की पत्नी पूनम और अन्य परिजन कोतवाली पहुंचे। परिजनों ने कहा कि मनोज की हत्या हुई है। पत्नी ने पुलिस को सौंपी तहरीर में बताया कि बृहस्पतिवार शाम मनोज को उनके दो दोस्त कार में बैठाकर ले गए थे। कुछ देर बाद उनसे फोन पर बात भी हुई थी, लेकिन फिर फोन स्विच ऑफ हो गया। महिला का आरोप है कि उन दोस्तों ने उसके पति की हत्या की है। महिला ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर न्याय की गुहार लगाई है। कोतवाली के एसएसआई हरेंद्र नेगी ने बताया कि घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कोतवाली पुलिस ने देखी है। सीसीटीवी फुटेज में पैदल जा रहे मनोज को किसी वाहन ने टक्कर मारी है। प्रथमदृष्टया हादसे में मौत की आशंका है। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
कोतवाली में बेसुध हुई पत्नी
परिजनों के साथ कोतवाली पहुंची मनोज की पत्नी पूनम बेसुध हो गई। पुलिसकर्मियों ने उसे कुर्सी पर बैठाया और पानी पिलाया। एसएसआई जयपाल चौहान ने परिजनों को बताया कि सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के माध्यम से जांच की जा रही है। पीएम रिपोर्ट और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।