नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत ने विवि से संबद्ध कॉलेजों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्राचार्य और परीक्षा केंद्र अधीक्षकों से चर्चा की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, प्रश्न पत्र वितरण और उत्तर पुस्तिकाओं के रखरखाव की जानकारी ली।
कुलपति प्रो. रावत ने सोमवार को बाजपुर डिग्री कॉलेज, मयंक कॉलेज ऑफ एजुकेशन, एसडी कॉलेज ऑफ एजुकेशन, आईएमटी कॉलेज काशीपुर, ज्ञानार्थी मीडिया कॉलेज काशीपुर और राधे हरि कॉलेज काशीपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रों से परीक्षा केंद्र में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने सभी कॉलेजों के प्राचार्यों और परीक्षा समन्वयकों से कहा कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनुशासनहीनता को सख्ती से रोका जाए। कहा विवि प्रशासन उच्च शिक्षा में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्रों पर निरीक्षण का उद्देश्य न केवल नकलमुक्त परीक्षा कराना है, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिकता और अनुशासन की भावना को भी प्रोत्साहित करना है।