बनभूलपुरा लाइन नंबर एक में निकाह के दौरान हुए बवाल के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के दस लोगों के खिलाफ बलवा, छेड़खानी सहित अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस दोनों मुकदमों की जांच कर रही है।
लाइन नंबर एक में शनिवार को निकाह के दौरान मारपीट के बाद दोनों पक्षों के बीच सरिया और फंटी चली। हमले के दौरान दोनों पक्षों के तीन लोग घायल हो गए। बेस अस्पताल में भी दोनों पक्ष फिर हाथापाई करने लगे। पुलिस ने लाठी भांजकर दोनों पक्षों के समर्थकों को भगाया। पुलिस ने लाइन नंबर 15 निवासी मो. हुसैन की तहरीर पर पुलिस ने लाइन नंबर आठ निवासी शादाब, शहनवाज, सरफराज, नौशाद, मोनीश के खिलाफ धारा 147, 149, 323, 354, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
वादी का आरोप है कि आरोपियों ने एक महिला के साथ छेड़खानी की। विरोध करने पर आरोपी मारपीट करने लगे। इसी प्रकार शहनवाज की तहरीर पर पुलिस ने नदीम, गुफरान, रिजवान, मुसीर, दानिश के खिलाफ धारा 147, 149, 323, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि नदीम बारात मेें शहनवाज को कुर्सी से उठाने लगा। नहीं उठने पर विरोधियों ने हमला कर दिया। हमले में शादाब और नौशाद घायल हो गए। थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी का कहना है कि दोनों मुकदमों में जांच कर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।