नैनीताल। नगर के सात नंबर क्षेत्र में बिना डीडीए की अनुमति से किए जा रहे निर्माण कार्य को तोड़ने पहुंची टीम को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। लोगों के विरोध के बाद टीम आधा निर्माण हटाकर लौट गई। विभाग ने अतिक्रमणकारी को तीन दिन में स्वयं अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी किया है।
बुधवार को प्राधिकरण की टीम सात नंबर क्षेत्र में अवैध निर्माण हटाने पहुंची थी। टीम ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू थी कि निर्माण करने वाले व्यक्ति ने हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान लोगों ने भी मौके पर पहुंच प्राधिकरण पर बिना नोटिस दिए दबाव में काम करने का आरोप लगाया। लोगों के विरोध को देखते हुए टीम को आधा निर्माण तोड़ने के बाद लौटना पड़ा। स्थानीय लोगों ने मामले का वीडियो भी वायरल कर दिया। प्राधिकरण सचिव विजयनाथ शुक्ल ने बताया कि लंबे समय से अवैध निर्माण की शिकायत मिल रही थी। इस पर वीर राम के नाम से अप्रैल में चालान कर काम रुकवा दिया गया था। नोटिस देने के बाद भी निर्माण कार्य होने के चलते विभागीय टीम उसे हटाने पहुंची थी। अतिक्रमणकारी को तीन दिन में स्वयं निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद