हल्द्वानी। त्योहारी सीजन में बगैर कागज और बिल के सामान लाने वाले व्यापारियों, ट्रांसपोर्टरों पर जीएसटी विभाग की नजर टेड़ी हो गई है। रविवार को जीएसटी विभाग की दो टीमों ने टैक्स चोरी की संभावना जताते हुए टीपी नगर और मंगल पड़ाव स्थित एक गोदाम का औचक निरीक्षण किया। टीम ने मंगलपड़ाव में 114 नग को सीज करते हुए अगले आदेश तक बेचने पर प्रतिबंध लगा दिया। 70 नग समेत एक ट्रक को जांच होने तक जब्त कर लिया। टीपी नगर में भी 20 नग के साथ एक ट्रक को कब्जे में लिया है।
टीम ने मंगलपड़ाव में लाइन नंबर एक में एक ट्रांसपोर्टर का सामान पकड़ा है। इसमें दिल्ली से परचून का सामान लाया जा रहा था। टीम ने सामान वैध है या नहीं, इसकी जांच शुरू कर दी है। दूसरी टीम ने टीपीनगर में गोदाम में ट्रांसपोर्टर की ओर से सामान के कागज नहीं दिखाने पर 22 नग सामान मय ट्रक कब्जे में ले लिया।
मामले में उपायुक्त विनय ओझा ने बताया कि मामले में व्यापारियों की ओर से मंगवाया गया सामान बिलों में अंकित सामान के साथ मैच कर रहा है या नहीं टीम इसकी जांच करेगी। इसके अलावा मंगवाए गए सामान की बिलिंग की भी जांच हो रही है। यह भी बताया कि यह कार्रवाई त्योहारी सीजन में जारी रहेगी और बगैर कागज, बिल के सामान पकड़े जाने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। संवाद