नैनीताल। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रभारी अध्यक्ष संजीव कुमार की अध्यक्षता में प्राधिकरण सचिव पारुल थपलियाल की ओर से रविवार को जिला मुख्यालय नैनीताल के दीवानी न्यायालय परिसर में नशीली दवाओं के खिलाफ कार्यक्रम हुआ।
इसके बाद न्यायालय से शहर में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता रैली निकाली गई। जागरूकता रैली का शुभारंभ जिला जज संजीव कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया। इसमें परिवार न्यायालय के न्यायाधीश सुधीर तोमर, एसीजेएम रवि रंजन, सीजे सीडि हर्ष यादव, सीजे जूडि डिवीजन उर्वशी रावत, प्रथम एसीजे रुचिका गोयल, द्वितीय सीजे स्नेहा नारंग, एडीएम विवेक रॉय, एसपी डॉ. जगदीश चंद्रा समेत बीएसएसवी, आरएसएसवी निशांत, अटल उत्कृष्ट आदर्श राबाइका, सीआरएसटी, एमएल साह बालिका विद्या मंदिर व बिशप शॉ के विद्यार्थियों व अध्यापकों ने भाग लिया। जागरूकता रैली सिविल कोर्ट कैंपस से प्रारंभ होकर मॉलरोड होते हुए सीआरएसटी में संपन्न हुई। न्यायालय परिसर में हुए कार्यक्रम में वक्ताओं ने युवाओं व अन्य को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया। संवाद