नेशनल एसोसिएशन फॉर ब्लाइंड (नैब) के बच्चों ने उत्तराखंड बोर्ड की हाइस्कूल और इंटर की परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन किया है। इस बार नैब के नौ बच्चों ने बोर्ड परीक्षा दी थी। इसमें से छह ने प्रथम और एक ने द्वितीय श्रेणी से परीक्षा पास कर साबित कर दिया है कि हौसले बुलंद हों और अच्छा माहौल मिले तो कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
हाइस्कूल में सात और इंटर में दो बच्चे शामिल हुए थे। मालगांव अल्मोड़ा के मूल निवासी बच्ची सिंह की पुत्री अंजू बिष्ट ने जीजीआईसी से इंटर में 78 प्रतिशत अंक और काफलीगैर बागेश्वर निवासी दीवान सिंह की बेटी मंजू नागरकोटी ने जीजीआईसी से ही इंटर में 62 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।
बिचवा खटीमा के मूल निवासी किशन राम की बेटी नीमा आर्या ने जीजीआईसी से 10वीं में 72 प्रतिशत, ग्राम कानाकोट चंपावत की मूल निवासी और स्व. जमन सिंह की बेटी गोमती मेहता ने जीजीआईसी से दसवीं में 68.2 प्रतिशत, सल्ट अल्मोड़ा के मूल निवासी प्रेम सिंह रावत की बेटी पूजा ने भी जीजीआईसी से दसवीं में 63 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।
10वीं में ही रिखणींखाल पौड़ी गढ़वाल निवासी सबरु लाल के बेटे विनोद सिंह कोहिया ने राजकीय हाइस्कूल नवाड़खेड़ा से 63 प्रतिशत, चंपावत निवासी निखिल भट्ट के पुत्र राजेश भट्ट ने भी उसी विद्यालय से 49 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।
अध्यापक बनना चाहती हैं अंजू
इंटर में 78 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली अंजू बिष्ट अध्यापक बनना चाहती हैं। अंजू ने कहा कि उनका सपना है कि वह आत्म निर्भर बनें। उन्होंने कहा कि माता-पिता ने हमेशा मनोबल बढ़ाया है। इसी की बदौलत अच्छे अंक पा सकी। उन्होंने बताया कि हाइस्कूल 59 प्रतिशत अंक आए थे। अंजू के पिता लोनिवि में कार्यरत हैं और मां गृहणी हैं। परिवार में चार बहनें और एक भाई है। अंजू 100 प्रतिशत दिव्यांग हैं।
सेवारत प्रशिक्षकों की मेहनत का नतीजा
नैब के संचालक श्याम सिंह धानक ने कहा है कि यह संस्थान में सेवारत प्रशिक्षकों की निस्वार्थ सेवा का नतीजा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले दृष्टिबाधित दिव्यांगों को शिक्षित कर समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी निशुल्क शिक्षा के लिए कोई भी नैब में संपर्क कर सकता है। संस्थान की अध्यक्ष माधवी बल्यूटिया, सविता लाहोटी, कांता विनायक, पीएस पपोला, डीएस नेगी, जेसी त्रिपाठी आदि ने विद्यार्थियों को बधाई दी है।