उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की परीक्षा में शामिल छात्र- छात्राएं अगर अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं तो वह एक महीने के भीतर उत्तर पुस्तिका की स्क्रूटनी करा सकते हैं। उन्हें पुनर्मूल्यांकन नहीं बल्कि स्क्रूटनी का मौका दिया जा रहा है।
शिक्षा परिषद के सचिव वीपी सिमल्टी ने बताया कि स्क्रूटनी के लिए आवेदन पत्र 100 रुपये प्रति प्रश्न पत्र के हिसाब से भारतीय स्टेट बैंक में जमा करने होंगे। इसका मूल चालान और अंक पत्र की छायाप्रति 30 जून तक परिषद कार्यालय में जमा करनी होगी। इसे पंजीकृत डाक से परिषद कार्यालय में अनिवार्य रूप भेजना होगा। मूल शुल्क चालान प्राप्त न होने की स्थिति में परीक्षार्थी का स्क्रूटनी का परिणाम घोषित नहीं किया जाएगा। आवेदन पत्र मुख्य शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय एवं संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य से प्राप्त कर सकते है। सचिव सिमल्टी ने बताया कि स्क्रूटनी से संबंधित उत्तर पुस्तिका के पुनर्मूल्यांकन की कोई व्यवस्था नहीं है। आवेदन पत्र, निर्देश परिषद की वेबसाइट डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट यूबीएसई डॉट यूके जीओवी डॉट इन से भी डाउनलोड कर सकते हैं। प्रमाण पत्रों की जांच कर अंकपत्र 10 जून तक जारी कर दिए जाएंगे।
परिणाम एक नजर में
हाइस्कूल
150573 परीक्षार्थियों मेें 51305 छात्र और 59636 छात्राएं पास हुईं। इसमें बालकों का प्रतिशत 68.76 और बालिकाओं का 78.51 है। अनुसूचित जाति के 43684 परीक्षार्थी शामिल हुए, इनमें से 28973 उत्तीर्ण हुए, इनका औसत 66.32 प्रतिशत रहा। अनुसूचित जनजाति के 5287 परीक्षार्थी शामिल हुए, इनमें से 3894 उत्तीर्ण हुए। इनका प्रतिशत 73.65 रहा। पिछड़ी जाति के 32472 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें से 24034 पास हुए। इनका प्रतिशत 74.01 रहा।
इंटरमीडिएट
131190 परीक्षार्थियों में से 48393 छात्र और 55112 छात्राएं पास हुईं। छात्रों का औसत 75.36 प्रतिशत और छात्राओं का औसत 82.07 प्रतिशत रहा। अनुसूचित जाति के 33070 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें से 24711 पास हुए। इनका प्रतिशत 74.72 रहा। अनुसूचित जनजाति के 4861 परीक्षार्थी शामिल हुए। इनमें से 3669 उत्तीर्ण हुए, जिनका प्रतिशत 75.47 रहा। पिछड़ी जाति के 28807 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें से 21432 पास हुए। इनका प्रतिशत 76.52 रहा। मानविकी वर्ग में 78082 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें से 61174 पास हुए, जिनका प्रतिशत 78.34 रहा। विज्ञान वर्ग मेें 47551 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें से 38483 पास हुए, जिनका प्रतिशत 80.92 रहा। वाणिज्य वर्ग में 4326 परीक्षार्थी शामिल हुए, इनमें से 2934 उत्तीर्ण हुए, जिनका प्रतिशत 67.82 रहा। कृषि वर्ग में 1231 परीक्षार्थी शामिल हुए, इनमें से 914 पास हुए, जिनका प्रतिशत 74.24 रहा।