डायरिया पखवाड़े के तहत बुधवार को पूर्ति विभाग ने डीएम के निर्देश पर होटल और ढाबों में चेकिंग अभियान चलाया। साफ-सफाई न मिलने पर काठगोदाम क्षेत्र के नौ रेस्टोरेंट पर चालान की कार्यवाही कर लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति भेजी गई है। ठेले और ढाबों पर बिक रहा खुला खाद्य पदार्थों भी टीम ने नष्ट कराया।
11 जुलाई से 23 जुलाई तक मनाए जाने वाले डायरिया पखवाड़े के तहत सिटी मजिस्ट्रेट हरबीर सिंह के नेतृत्व में पूर्ति विभाग की टीम ने काठगोदाम क्षेत्र से अभियान की शुरुआत की। क्षेत्र के कृष्णा रेस्टोरेंट, राधे कृष्णा भोजनालय, रेडियम रेस्टोरेंट, ओके होटल, नरुला रेस्टोरेंट, लक्की रेस्टोरेंट, गुप्ता स्वीट्स, कुमार स्वीट्स और सांई स्वीट्स में टीम को साफ-सफाई मानकों के अनुरूप नहीं मिली।
इस पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा ने खाद्य संरक्षा मानक अधिनियम 2006 के तहत सभी का चालान किया। उक्त प्रतिष्ठानों का खाद्य लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति भी अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा नैनीताल को भेजी गई है। टीम द्वारा होटल और ढाबा संचालकों को शुद्ध पेयजल, डस्टबिन, वॉशबेसिन, लिक्विड सैनेटाइजर, और टावल की व्यवस्था करने की हिदायत भी दी गई। कालाढूंगी रोड पर ठेलों और ढाबों पर खुले में बिक रहे गोलगप्पे, नूडल्स और पकौड़े भी अभियान के दौरान नष्ट कराए गए। टम्टा के अनुसार अभियान आगे भी जारी रहेगा।