नैनीताल। स्मार्ट मीटर योजना का यहां विरोध तेज हो गया है। मंगलवार को नगर पालिका सभागार में विद्युत विभाग की ओर से बुलाई गई बैठक भारी हंगामे के कारण महज 30 मिनट में समाप्त हो गई।
पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापार मंडल और होटल एसोसिएशन ने विभाग की इस पहल का पुरजोर विरोध किया। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि वह इस प्रक्रिया का विरोध करती हैं। सभासद भगवत रावत, अंकित चंद्रा ने कहा कि विभाग जनता पर जबरन मीटर थोपने की कोशिश कर रहा है। तल्लीताल व्यापार मंडल उपाध्यक्ष ममता जोशी ने विभाग पर वसूली के आरोप लगाए। सभासद मनोज साह जगाती ने कहा कि भविष्य में स्मार्ट मीटर से भारी-भरकम बिल आएंगे। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट और सभासद सपना बिष्ट ने कहा कि विभाग स्मार्ट मीटर लगाने से पहले शहर में झूलते बिजली के तारों का जंजाल दुरुस्त करे। यहां दीनदयाल पांगती, आरएस बिष्ट, हरीश तिवारी, होटल एसोसिएशन महासचिव वेद साह, मनोज जोशी, पंकज बर्गली, लता दफोती, रमेश प्रसाद आदि मौजूद रहे।
अंडरग्राउंड लाइन बिछाने का काम शुरू
यूपीसीएल के अधीक्षण अभियंता रवि राजोरा ने बताया कि जिले में लक्ष्य के सापेक्ष 78 हजार मीटर सरकारी विभागों और कर्मचारियों के घरों में लगाए जा चुके हैं। अब घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं की बारी है। एसडीओ पर्यंक पांडे ने बताया कि घोड़ाखाल से अंडरग्राउंड लाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया गया है।