नैनीताल स्थित राजभवन के गोल्फ कोर्स को प्राकृतिक आपदा और भूक्षरण से खतरा है। इसके संरक्षण के लिए देहरादून में राज्यपाल ने मीटिंग बुलाई है। इसमें जिलाधिकारी नैनीताल को भी बुलाया गया है।
राजभवन में निहाल नदी वाला क्षेत्र लंबे समय से संवेदनशील रहा है। यहां पर भूक्षरण, भूस्खलन होता रहता है। इससे धीरे-धीरे कर स्थिति गंभीर हो चुकी है। अब इसकी जद में राजभवन का प्रसिद्ध गोल्फ क्लब भी आने की आशंका है।
अधिकारियों को चिंता है कि अगर किसी बार ज्यादा बरसात या प्राकृतिक आपदा आयी, तो गोल्फ को नुकसान पहुंचना तय है। जिला अधिकारी दीपक रावत कहते हैं कि इसके संरक्षण और भूस्खलन के खतरे को दूर करने के लिए बीते दिनों टिहरी हाइड्रो डेवलेपमेंट कारपोरेशन और लोक निर्माण विभाग की टीम ने संयुक्त दौरा किया था। इसके बाद लोनिवि ने संरक्षण के लिए करीब दो करोड़ का प्रस्ताव तैयार किया है।
इसी के सिलसिले में राज्यपाल केके पाल की अध्यक्षता में एक मीटिंग है। इसमें सुरक्षा के सभी पहलू पर विचार किया जाएगा। अगर भविष्य में बचाव के लिये दूसरे कार्य किये जाने होंगे, उसको भी कराया जाएगा।