हल्द्वानी। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक होने पर सरकार को घेरा है। कहा कि उत्तराखंड में सरकारी नौकरी पाने के लिए कड़ी मेहनत करने वाले बेरोजगार युवाओं के सपने नकल माफिया तोड़ रहे हैं। कुछ सालों से लगातार मामले सामने आ रहे हैं। परीक्षा सवालों के कठघरे में है।
उन्होंने कहा कि रविवार को प्रदेश में उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग का पेपर लीक होने की जानकारी सामने आ रही है। परीक्षा सुबह 11 बजे प्रदेश के 445 केंद्रों में होनी थी लेकिन 11:35 बजे पेपर का एक सेट लीक हुआ। आयोग के चेयरमैन गणेश शंकर मर्तोलिया ने भी प्रतिक्रिया दी है कि प्रश्न पत्र से जुड़े पहले तीन पन्ने बाहर आए हैं। इस पर सवाल बना है कि कैसे।
'कमजोर पैरवी से जमानत पर रिहा हुआ हाकम सिंह'
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि शनिवार को ही विशेष कार्य बल और स्पेशल ऑपरेशंस ने कुख्यात नकल माफिया हाकम सिंह रावत व उसके सहयोगी पंकज गौड़ को देहरादून से गिरफ्तार किया था। हाकम पहले भी कई बड़े पेपर लीक मामलों में शामिल रहा है। 2021 की स्नातक स्तरीय परीक्षा, वन दरोगा भर्ती और सचिवालय रक्षक भर्ती में उसका नाम सामने आया था। सरकार की कमजोर पैरवी से जमानत पर रिहा होने के बावजूद उसका नेटवर्क सक्रिय रहा। लीक की खबर से अभ्यर्थियों में गुस्सा है। अभ्यर्थी दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन नकल माफिया और प्रशासन की लापरवाही उनका भविष्य बर्बाद कर रही है।