पानीपत से इंडियन ऑयल कारपोरेशन और नजीबाबाद से भारत पेट्रोलियम को डीजल-पेट्रोल की आपूर्ति ने होने से डिपो ड्राई हो गए हैं। व्यवस्था जल्द सामान्य नहीं हुई तो दो दिनों के भीतर भाबर से लेकर पहाड़ तक पेट्रोल और डीजल का संकट हो सकता है।
इंडियन ऑयल कारपोरेशन के जिले में 22 पंप हैं। पिछले दो दिनों में आईओसी ने अपने 22 पंपों को दो दिनों में (22-23 अप्रैल को) 59 किलो लीटर पेट्रोल और 379 किलो लीटर डीजल मिला है। आईओसी का लालकुआं स्थित डिपो 14 से 17 अप्रैल तक ड्राई हो गया था। आईओसी की पानीपत और मथुरा रिफाइनरी यूरो-3 से यूरो-4 में कंवर्ट हुई है।
तकनीकी दिक्कत के चलते पानीपत रिफाइनरी से वर्तमान मानकों के अनुरूप आईओसी को डीजल-पेट्रोल मिलना बंद हो गया है। मथुरा से पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है, लेकिन यह आपूर्ति कम है। सूत्रों के मुताबिक रेलवे से रैक न आने के कारण भी डीजल और पेट्रोल का संकट बढ़ गया है। आईओसी के लालकुआं स्थिति डिपो की भंडारण क्षमता 7800 किलो लीटर डीजल और 1000 किलो लीटर पेट्रोल की है, जो कि आपूर्ति नहीं होने से ड्राई हो चुका है।
दूसरी ओर भारत पेट्रोलियम के जिले में 19 पंप हैं। भारत पेट्रोलियम को बल्लभगढ़ फरीदाबाद, मंगलिया, इंदौर मध्य प्रदेश और कांडला (गुजरात) से पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति होती है। नजीबाबाद बिजनौर से बीपीसी को पेट्रोल-डीजल भेजा जाता है। नजीबाबाद से आपूर्ति न होने के कारण बीपीसी का काठगोदाम रोड स्थित डिपो ड्राई हो गया है। बीपीसी ने पिछले दो दिनों में 39 किलो लीटर पेट्रोल और 122 किलो लीटर डीजल अपने पंपों को दिया, जबकि बीपीसी की काठगोदाम स्थित डिपो की भंडारण क्षमता 100 किलो लीटर पेट्रोल और 400 किलो लीटर डीजल की है।
हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने पिछले दो दिनों में 40 किलो लीटर पेट्रोल और 116 किलो लीटर डीजल अपने 15 पंपों को दिया। हिंदुस्तान पेट्रोलियम को 30 प्रतिशत डीजल और पेट्रोल की आपूर्ति आईओसी करता है। एचपीसी को बहादुरगढ़ हरियाणा और नजीबाबाद बिजनौर से डीजल-पेट्रोल की आपूर्ति होती है। रामपुर रोड स्थित डिपो की भंडारण क्षमता 360 किलो लीटर पेट्रोल और 405 किलो लीटर डीजल की है। सूत्रों की मानें तो एचपीसी का डिपो भी ड्राई हो गया है।
जिला पूर्ति अधिकारी तेजबल सिंह ने बताया कि तीनों तेल कंपनियों के डिपो ड्राई हो चुके हैं। पर्याप्त आपूर्ति न मिलने के कारण तेल संकट गहराने के आसार हैं। उन्होंने बताया कि बीपीसी का 500 किलो लीटर डीजल और 150 किलो लीटर पेट्रोल शुक्रवार सुबह तक पहुंच जाएगा। वहीं, आईओसी का 400 किलो लीटर पेट्रोल और 2800 किलो लीटर डीजल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम 116 किलो लीटर डीजल और 40 किलो लीटर पेट्रोल अपने स्रोत से और 150 किलो लीटर डीजल आईओसी से मिलेगा। उन्होंने बताया कि आईओसी को रेलवे का रैक सुबह तक पहुंच जाएगा। सिंह ने बताया कि बीपीसी और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के पंपों पर डीजल और पेट्रोल का संकट हो सकता है।