स्टेडियम में निर्माण कार्य बंद होने की गाज सहायक खेल निदेेशक और दूसरे लोगों पर गिर सकती है। वित्त मंत्री ने जब शहर के स्टेडियम का निरीक्षण किया, तो वहां पर अधिकारी से लेकर निर्माण से जुड़े कर्मी नदारद थे।
वित्तमंत्री ने काम क्यों बंद पड़ा है के बारे में पूछा तो पता चला कि काम एक सप्ताह से बंद है। सभी त्यौहार की छुट्टी पर गए हुए हैं। सहायक खेल निदेशक अख्तर अली भी नहीं मिले। वित्त मंत्री ने उन्हें फोन पर ही जमकर फटकारा।
मौके पर देर से पहुंचे कार्यदायी संस्था के परियोजना प्रबंधक सीके सकलानी को भी जमकर लताड लगाई। सकलानी ने वित्तमंत्री के सामने बजट न होने की बात कही। बाद में वित्त मंत्री ने फोन से डीएम दीपक रावत को निर्देश दिये कि वह स्वयं हल्द्वानी स्टेडियम का निरीक्षण करें तथा खेल महकमे और कार्यदायी संस्था की लापरवाही व उदासीनता की रिपोर्ट शासन को भेजें, ताकि दोनों के विरुद्ध कार्यवाही की जा सके।
इस महीने तैयार हो जाएगा क्रिकेट स्टेडियम
पुराने स्टेडियम में काम एक सप्ताह से बंद पड़ा था, वहीं गौलापार में बन रहे अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में स्थिति बेहतर मिली। यहां पर निर्माण कार्य के लिए 55 अभियंता और लगभग 400 श्रमिक लगे थे।
वित्त मंत्री ने निरीक्षण के बाद बताया कि स्टेडियम में फिनिशिंग का कार्य चल रहा है। यह कार्य नवंबर महीने के अंतिम सप्ताह में पूरा होने की संभावना है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम एपी बाजपेयी आदि थे।
वन विभाग: पार्कों को करेगा चकाचक
वन विभाग ने नैनीताल रोड के पार्कों को पहले चकाचक किया था, अब विभाग और इसी रोड पर स्थित पांच पार्क और चमकाने और लोगों के लिए सुविधा जुटाने के लिए मिल सकते हैं। इसी क्रम में वित्त मंत्री और तराई पूर्वी वन प्रभाग डीएफओ नितिशमणि त्रिपाठी ने पार्कों का निरीक्षण किया था।