ज्योलीकोट (नैनीताल)। ज्योलीकोट-कर्णप्रयाग राजमार्ग में वीरभट्टी के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आकर एक गुलदार का शावक घायल हो गया। उसे इलाज के लिए रेस्क्यू सेंटर रानीबाग भेजा गया है। जानकारी के मुताबिक घटना रविवार सुबह साढ़े पांच बजे की है। स्थानीय लोगों ने वीरभट्टी के पास शावक को सड़क पर गिरे पड़े देखा।
सूचना पर वन रेंजर मुकुल शर्मा वन कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और गुलदार को इलाज के लिए रानीबाग रेस्क्यू सेंटर ले गए। शर्मा के मुताबिक घायल शावक की आयु करीब डेढ़ वर्ष है। आशंका है कि वह पहाड़ी से उतरते समय किसी वाहन की चपेट में आ गया होगा। शर्मा ने बताया कि फिलहाल उसके स्वास्थ्य में सुधार है, वह पानी और भोजन भी ले रहा है।