ग्राम सांवल्दे में 16 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले होटल मैनेजमेंट संस्थान के कार्यक्रम को देहरादून से फोन पर संबोधित करते हुए सीएम हरीश रावत ने कहा कि यह संस्थान कुमाऊं का दूसरा और प्रदेश का चौथा संस्थान होगा।
इससे पहले अल्मोड़ा, देहरादून और टिहरी में स्थापना की जा चुकी है। प्रदेश के युवा इन संस्थानों से प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने ही राज्य में रोजगार पा सकेंगे। बता दें कि मौसम की खराबी के चलते सीएम रावत और केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री महेश शर्मा कार्यक्रम में शामिल होने नहीं आ सके।
दोनों ने ही फोन से ही कार्यक्रम को संबोधित किया। दोनों अतिथियों के न आ पाने के कारण संस्थान का शिलान्यास डीएम दीपक रावत ने किया।
फोन पर अपने संबोधन में सीएम ने कहा कि रामनगर और नैनीताल के साथ ही प्रदेश भर में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, इसलिए होटल, रिसोर्ट आदि में भी रोजगार की बहुत संभावनाएं है।
सीएम ने कहा कि मालधनचौड़ में डिग्री कॉलेज का शासनादेश शीघ्र जारी किया जाएगा। इसके अलावा रामनगर मालधन-कुंडा चौराहे तक बाईपास बनवाया जाएगा।
वही, केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री महेश शर्मा ने भी फोन से संबोधित करते हुए कहा कि पर्यटन की दृष्टि से देवभूमि उत्तराखंड अपनी पहचान विश्व में बनाए हुए है। यहां का 73 प्रतिशत क्षेत्रफल पर्वतीय और वनाच्छादित है, जिसमें पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं।
उन्होंने कहा कि इस होटल मैनेजमेंट के निर्माण के लिए 16 करोड़ 50 लाख की धनराशि में से प्रथम चरण में पांच करोड़ की धनराशि अवमुक्त की गई है। अवशेष धनराशि निर्माणानुसार अवमुक्त की जाएगी।
जनसभा में डीएम दीपक रावत ने कहा कि यह संस्थान दो एकड़ भूमि में बनाया जाएगा। कार्यदायी संस्था उत्तराखंड राज्य अवस्थापना विकास निगम इस तीन वर्ष में पूर्ण तैयार करेगा।
प्रथम चरण में इसमें होटल मैनेजमेंट बीएससी की 120 सीटें रखी गई है। इसके बाद विभिन्न डिप्लोमा कोर्स संचालित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नैनीताल के छोटे-छोटे पर्यटन सर्किट विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
साथ ही पैराग्लाडिंग, वाटर स्पोर्ट्स और एडवेंचर को भी विकसित किए जाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि पर्यटक गांवों तक पहुंच सकेें।
कार्यक्रम को भगीरथ लाल चौधरी, अमिता लोहनी, मनोज सेमवाल, अपर सचिव पर्यटन अरविंद चौहान, सचिव शैलेश बगौली ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में मंडी अध्यक्ष कृष्णा लटवाल, आशा विष्ट, पुष्कर दुर्गापाल, हरिप्रिया सती असलम सिद्दीकी, मनोज जोशी, केसी सिंह बाबा, मंजू चौहान, गणेश मेहरा, ललित मोहन बिष्ट दीपा सती, हरीश चंद्र सती आदि जनप्रतिनिधियों सहित सीडीओ ललित मोहन रयाल, एडीएम बीएल फिरमाल, एसडीएम परितोष वर्मा, अशोक जोशी, एएसपी यशवंत सिंह चौहान, सीओ स्वतंत्र सिंह, राजेंद्र हंयाकी, उपनिर्देशक पर्यटन जेसी बेरी, मुख्य शिक्षा अधिकारी रघुनाथ लाल आर्य, तहसीलदार सुंदर सिंह तोमर सहित अनेक अधिकारी व गणमान्य लोग और जनता मौजूद रही।