नैनीताल की लोअर मॉलरोड में उभरी दरारों को भरते लोनिवि के मजदूर- संवाद
नैनीताल। नैनीताल की मॉलरोड पर पड़ीं दरारों को लोक निर्माण विभाग ने डामर व केमिकल से भर दिया है। हालांकि मानसून सीजन में सड़क को खतरा बरकरार है। सड़क का स्थायी उपचार नहीं होने से तमाम सवाल खड़े हो रहे हैं।
बता दें कि नैनीताल की लोअर मॉलरोड वर्ष 2018 में क्षतिग्रस्त हो गई थी। तब अस्थायी इंतजाम कर सड़क पर आवाजाही शुरू कर दी गई थी। बरसात के सीजन में हर वर्ष सड़क पर दरार उभरतीं हैं और विभाग उन्हें भरता हैं। इधर बीते दिनों भी लोअर माॅलरोड पर दरारें उभर आई थी। हालांकि सड़क पर आवाजाही सुचारु थी। अमर उजाला में बृहस्पतिवार के अंक में लोअर मॉलरोड पर दरारें उभरीं, भू-धंसाव शुरू शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग ने बृहस्पतिवार को मॉलरोड सड़क पर पड़ी दरारों को डामर व केमिकल से भर दिया है। लोनिवि के अधिसाशी अभियंता रत्नेश सक्सेना ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि ने सड़क की दरारों को भर दिया है। जल्द ही सड़क का स्थायी उपचार शुरू कर दिया जाएगा।