रामनगर में करंट से युवक की मौत
- फोटो : अमर उजाला
रामनगर। हाई वोल्टेज करंट से डेंटल क्लीनिक में तैनात सहायक कर्मी की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अल्मोड़ा के ग्राम भेट द्वाराहाट निवासी भुवन भट्ट (24) पुत्र ऊर्वादत्त भट्ट सात माह से शंकर डेंटल क्लीनिक घासमंडी में सहायक के पद पर काम करता था। मंगलवार की सुबह वह क्लीनिक की छत पर रखी पानी की टंकी चेक करने गया था। तभी छत के ऊपर से गुजर रही 33 हजार वोल्टेज वाली लाइन की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई।
डा. अमित शर्मा ने बताया कि भुवन सात माह से उनके यहां सात माह से काम कर रहा था। वह सुबह ही क्लीनिक खोल लिया करता था, लेकिन 9 बजे तक क्लीनिक न खुलने पर उसकी ढूंढखोज की गई, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इधर, कई दिन से पानी की किल्लत होने पर प्लंबर को बुलाया गया था।
जब वह छत पर गया तो भुवन की मौत का पता चला। इस पर तत्काल पुलिस, बिजली विभाग और उसके परिजनों को सूचित किया गया। प्रत्यक्षदर्शियो के अनुसार पानी का पाइप लीक होने के चलते छत पर पानी भरा होने और ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज की लाइन से उसे करंट लगा होगा। घटना के बाद अग्निशमन विभाग और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव नीचे उतारा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
रामनगर। घासमंडी में भुवन भट्ट की करंट से हुई मौत के लिये संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने बिजली विभाग को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने मृतक के परिजनो को 20 लाख रुपए मुआवजा देने और दोषी अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मोर्चा के संयोजक मुनीष कुमार ने कहा 33 केवी की लाइन विद्युत विभाग द्वारा सुरक्षा मानकों के खिलाफ डाली गयी है।
छत से 12 फीट ऊंची होनी चाहिए। हाईटेंशन लाइनों से आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। प्रभात ध्यानी ने कहा सभी लाइनों को तत्काल भूमिगत किया जाए। उन्होने कहा पिछले वर्ष गूलरघट्टी में विद्युत विभाग ने घरों के नजदीक से 33 केवी हाईटेंशन लाइन डालने का प्रयास किया। क्षेत्रवासियों ने विरोध कर लाइन को अंडर ग्राउंड करने की मांग की तो विद्युत विभाग ने छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज करा दिया।