नैनीताल। खूपी गांव को भूस्खलन से बचाने के लिए अल्पकालिक सुरक्षा कार्यों के तहत कुरिया गधेरे पर बने चेकडैमों ने बरसात की शुरुआत में ही दम तोड़ दिया। ग्रामीणों ने विभाग व ठेकेदार पर गुणवत्ताविहीन कार्य करने का आरोप लगाया है।
खूपी गांव पिछले एक दशक से भूस्खलन की मार झेल रहा है। इस पर विभाग ने भूस्खलन रोकने के लिए गांव की तलहटी में सुरक्षा कार्य किए। इसके तहत विभाग ने चेकडैम बनाया था। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात की शुरुआत में ही गुणवत्ताविहीन कार्य दम तोड़ने लगा है। ग्रामीण लीलाधर का कहना है कि हल्की बारिश में ही चेकडैम टूटने लगा है, ऐसे में भूस्खलन की आशंका बढ़ गई है। एसडीएम नवाजिश खलिक ने बताया कि जल्द ही विभागीय अधिकारियों के साथ क्षेत्र का निरीक्षण किया जाएगा। गधेरे पर सुरक्षा कार्य की गुणवत्ता जांची जाएगी।