युवा चित्रकार मुकुल तिवारी की एकल चित्रकला प्रदर्शनी राष्ट्रीय ललित कला अकादमी नई दिल्ली में प्रदर्शित की जाएगी। एक सप्ताह तक लगने वाली इस प्रदर्शनी में मुकुल तिवारी के 25 जल रंगों से बने चित्र प्रदर्शित किए जाएंगे।
पेशे से शिक्षक मुकुल तिवारी वर्तमान में राइका मौना रामगढ़ में कला अध्यापक हैं। विगत 27 वर्षों से कला के क्षेत्र में कार्य कर रहे मुकुल की अब तक लंदन, जर्मनी, फ्रांस, स्विटजरलैंड, नीदरलैंड के अलावा दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, लखनऊ समेत 56 से अधिक स्थानों पर कला प्रदर्शनियां लग चुकी हैं।
प्राकृतिक सौंदर्य ही उनका प्रिय विषय है। इससे पूर्व ललित कला अकादमी लखनऊ एवं आईक्रेक्स जैसी नामी गैलरियों में भी उनकी एकल प्रदर्शनी लग चुकी है। साथ ही कई पत्र पत्रिकाओं में उनके लेखांकन प्रदर्शित हुए हैं।
शिक्षक नेता नवेंदु मठपाल ने मुकुल के ललित कला अकादमी में प्रदर्शनी लगने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा शिक्षक समुदाय के लिए यह बड़े गौरव की बात है। पद्मश्री रणजीत सिंह बिष्ट के शिष्य रहे मुकुल ने कला की विधिवत शिक्षा आर्ट्स कालेज लखनऊ के प्राप्त की।