नवाबीरोड इलाके में टेंट हाउस संचालक की पत्नी ने जहर खा लिया। सुशीला तिवारी अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल से परिजन शव को लेकर जाने लगे तो अस्पताल के कर्मचारियों ने रोक लिया। इसी बात पर बवाल बढ़ने के बाद मेडिकल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बवाल शांत कराया। इधर महिला के मायके वालों के नहीं पहुंचने पर शव का पोस्टमार्टम रोक दिया गया है।
नवाबीरोड शिवमंदिर के समीप रहने वाले टेंट हाउस संचालक पंकज जोशी की पत्नी दीपा जोशी (24) ने बुधवार की सुबह पति से विवाद के बाद जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर पति ने उसे सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिजन शव को लेकर जा रहे थे लेकिन अस्पताल के डाक्टर और कर्मचारियों ने रोक दिया। इसी बात को लेकर अस्पताल में बवाल होने लगा।
घटना की सूचना मिलने के बाद मेडिकल चौकी प्रभारी कुलदीप सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विवाद शांत कराया और चेताया कि बवाल करने पर पुलिस कार्रवाई करेगी। पूछताछ से पता चला कि पंकज की शादी नौ मई 2014 को दीपा के साथ हुई थी। उसका एक साल का बेटा भी है। इस मामले में दीपा के मायके वालों ने ससुरालियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पोस्टमार्टम की कार्रवाई रोकने का अनुरोध किया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में मजिस्ट्रेट ही पंचायतनामा भरेंगे। दीपा के पिता को बुलाया गया है। पिता के आने पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।