काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर दोस्त को ट्रेन में बैठाकर ट्रेन से उतर रहा एक किशोर रविवार सुबह रेल पटरी के बीचोंबीच गिर पड़ा। इस बीच शंटिंग कर रहा रेल इंजन उसके ऊपर से गुजर गया। पटरी के बीचोंबीच गिरने के कारण किशोर तो बच गया, लेकिन उसका हाथ पटरी पर आने से वह इंजन से कटकर अलग हो गया। परिजनों ने उसे सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया। परिजन थैले में उसका कटा हाथ लेकर आए थे, लेकिन हाथ जुड़ नहीं सका।
काठगोदाम ठोकर लाइन निवासी फरमान (17) पुत्र स्व.सुबहान रविवार सुबह सात बजे अपने पड़ोसी मित्र सोनू को रेलवे स्टेशन पर छोड़ने के लिए गया था। दोस्त को पैसेंजर ट्रेन में बैठाकर वह ट्रेन से उतर रहा था। इस बीच वह अचानक रेलवे पटरी के बीच में गिर पड़ा। इस दौरान रेल इंजन उसके ऊपर से गुजर गया, लेकिन बायां हाथ पटरी पर आने से कट गया। हादसे के बाद वह अपना कटा हाथ लेकर दौड़ते हुए घर पहुंचा।
परिजनों ने उसे सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया। परिजन घंटों तक उसका कटा हाथ थैले में रखकर सर्जरी का इंतजार करते रहे, लेकिन डाक्टर नहीं आए। हादसे की जानकारी मिलने पर उसका मित्र सोनू लौटकर घर आया। सोनू का कहना था है कि फरमान दो भाइयों में छोटा है। उसके पिता की बचपन में ही मौत हो गई। दोनों भाई गौला में मजदूरी का काम करते हैं। प्राइवेट अस्पताल में इलाज के लिए परिजनों के पास पैसे भी नहीं हैं। इस बारे में जीआरपी थानाध्यक्ष कैलाश सिंह भैसोड़ा का कहना है कि ट्रेन से उतरते समय किशोर का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन की चपेट में आ गया था
पटरी पर बीचोंबीच गिरने से बचा
रेल की पटरी पर बीचोंबीच गिरने से ही फरमान बच गया और रेल इंजन उसके ऊपर से गुजर गया। अगर वह पटरी पर गिरता तो शायद हादसा बड़ा हो सकता है।