फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Nainital News: वन अनुसंधान केंद्र परिसर में करंट लगने से किशोर की मौत

Sat, 30 May 2026 12:23 AM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, नैनीताल
विज्ञापन
विज्ञापन
हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित वन अनुसंधान केंद्र परिसर के आवासीय भवन में करंट लगने से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। शुक्रवार को मेडिकल चौकी पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजन शव लेकर गांव रवाना हो गए हैं।
विज्ञापन

ओखलकांडा के खनस्यू निवासी संतोष राम वन विभाग में संविदा पर तैनात हैं। वह वन अनुसंधान केंद्र परिसर के आवासीय भवन में परिवार के साथ रहते थे। उनके दो बेटे हैं। संतोष के अनुसार बृहस्पतिवार रात उनका छोटा बेटा राकेश कमरे में अपने बड़े भाई के साथ था। कमरे में खिड़की के पास कूलर था और कूलर की खुली तार के छूने से खिड़की की ग्रिल में करंट दौड़ रहा था। राकेश करंट की चपेट में आकर अचेत हो गया। उसे आनन-फानन सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया। वहां परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने राकेश को मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत से पिता, मां और भाई का रो-रोकर बुरा हाल है।



10वीं का छात्र था राकेश

वन कर्मी संतोष राम करीब 15 साल से वन विभाग में संविदा पर कार्यरत है। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे संतोष के सहकर्मियों ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम राकेश अपने भाई के साथ परिसर के मैदान में खेल रहा था। इसके कुछ देर बाद ही हादसे की सूचना मिल गई। राकेश रामपुर रोड स्थित एचएन इंटर कालेज में कक्षा 10वीं में पढ़ता था। पिता संतोष राम के मुताबिक हिंदू पंचांग के अनुसार 14 साल पहले जिस दिन राकेश का जन्म हुआ था उसी दिन भगवान ने उसे परिजनों से छीन लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें