हल्द्वानी। वीकेंड पर आज और कल शहर का यातायात डायवर्ट किया गया है। पुलिस की ओर से जारी प्लान के मुताबिक सुबह नौ बजे से रात 10 बजे तक डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान सुबह छह से रात 11 बजे तक भारी वाहनों पर प्रतिबंधित रहेगा। बरेली रोड और रुद्रपुर की ओर से पर्वतीय क्षेत्र को जाने वाले पर्यटक वाहन पंतनगर-लालकुआं से तीनपानी फ्लाईओवर से गौलापार बाइपास होते हुए नरीमन तिराहे काठगोदाम से जा सकेंगे। पहाड़ से उतरने वाले पर्यटक वाहन इसी रास्ते से गंतव्य को जाएंगे। संवाद
सैलानियों की भीड़ से लगा जाम
हल्द्वानी। बढ़ती गर्मी के बीच पहाड़ जाने वाले सैलानियों की भीड़ बढ़ने लगी है। इसके कारण शुक्रवार शाम तक काठगोदाम से रानीबाग तक वाहनों की रेलमपेल रही। पुलिसकर्मी यातायात सुचारू करने में जुटे रहे। सुबह के समय काठगोदाम काॅलटैक्स पर सड़क किनारे चल रहे निर्माण कार्य के चलते एक ट्रक धंस गया। इसके चलते काफी देर तक जाम लगा रहा। सूचना पर काठगोदाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को हटाकर जाम खुलवाया। थानाध्यक्ष जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि समय से यातायात सुचारु कर दिया गया था। संवाद
बुकिंग वाले पर्यटकों को ही पहाड़ भेजा
हल्द्वानी। काठगोदाम पुलिस ने शुक्रवार को काठगोदाम में चेकिंग अभियान चलाया। पर्वतीय मार्ग पर बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए थानाध्यक्ष जसवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में चले अभियान में भीमताल, नैनीताल और कैंची धाम जाने वाले यात्रियों और पर्यटकों की होटल बुकिंग जांची गई। जिसके पास बुकिंग थी उन्हें जाने दिया गया।