हल्द्वानी। जिले के शिक्षकों में पदोन्नति और स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी नहीं होने से रोष है। उन्होंने सोमवार से कार्य बहिष्कार का एलान किया है। शिक्षकों के चॉक डाउन करने से कक्षा छह से 12वीं तक 45 हजार छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका है।
राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष गिरीश चंद्र जोशी का कहना है कि शिक्षक लंबे समय से पदोन्नति की मांग कर रहे हैं लेकिन उनकी मांगों को दरकिनार किया जा रहा है, इससे उनमें आक्रोश है। विभाग और शासन से बार-बार इस संबंध में आश्वासन दिया जाता है लेकिन प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाती है। सालों से शिक्षक एक ही पद पर कार्यरत हैं। पदोन्नति नहीं मिलने से वे विभिन्न प्रकार के लाभों से वंचित हैं। इससे उनकी मानसिकता पर भी बुरा असर पड़ रहा है। वार्षिक स्थानांतरण प्रक्रिया निर्धारित समय बीतने के बाद भी पूरी नहीं हो पाई है। इससे शिक्षक वर्ग में असमंजस की स्थिति है। उन्होंने बताया कि पदोन्नति और स्थानांतरण की मांग को लेकर राजकीय शिक्षक संघ के बैनर तले जिले के सैकड़ों शिक्षकों ने 18 अगस्त से चॉकडाउन हड़ताल का निर्णय लिया है। इस बीच विद्यालयों में शिक्षण कार्य पूरी तरह बाधित रहेगा। आगामी 25 अगस्त से ब्लॉक मुख्यालयों में धरना और घेराव कार्यक्रम होगा।