नैनीताल/रामनगर/भीमताल। एजुकेशनल मिनीस्टीरियल ऑफिसर्स एसोसिएशन के प्रांतीय आह्वान के क्रम में सोमवार को मंडलीय अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा कार्यालय समेत शिक्षा विभाग के अन्य कार्यालयों में मिनीस्टीरियल कर्मचारियों और शिक्षकों ने कार्य बहिष्कार किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस-प्रशासन से सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
प्रांतीय नेतृत्व के दो दिवसीय कार्य बहिष्कार के आह्वान पर सोमवार की सुबह कर्मचारी कार्यालय में एकत्र हुए। वक्ताओं ने कहा कि बीती 21 फरवरी को रायपुर विधायक की ओर से निजी समर्थकों के साथ प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल समेत मिनीस्टीरियल कर्मियों के साथ अभद्रता की गई। महिला कर्मचारियों ने कहा कि घटना के बाद वह भी डरी हुई हैं। प्रदर्शनकारियों में दिनेश साह, संजय रौतेला, मुन्ना लाल, निर्मला, हिमांशु रावत, मनोज कुमार आर्या, संजय रौतेला, ललित उपाध्याय, भावना बिष्ट, राकेश बिष्ट आदि रहे।
रामनगर में बोर्ड कर्मियों ने कार्य बहिष्कार करते हुए सांकेतिक धरना दिया। बोर्ड परीक्षा में जुटे कर्मियों ने काले फीते बांधकर विरोध जताया। प्रांतीय अध्यक्ष सुनील भंडारी ने आरोपियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने, मारपीट करने वालों पर कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान बोर्ड सचिव विनोद सिमल्टी, ब्रजमोहन रावत, सीपी रतूड़ी आदि भी मौजूद रहे। मारपीट के विरोध में भीमताल स्थित शिक्षा विभाग कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार किया। इस दौरान एजुकेशनल मिनीस्टीरियल ऑफिसर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष कमल चौधरी, सचिव चंचल लोशाली, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी प्रदीप कुमार, संजय टम्टा आदि मौजूद रहे। संवाद
शिक्षा निदेशक मारपीट प्रकरण पर भाजपा का फूंका पुतला
लालकुआं। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला दहन किया। हाट बाजार स्थित मुख्य चौराहे पर कांग्रेस नगर अध्यक्ष भुवन पांडे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में नगर अध्यक्ष भुवन पांडे, महामंत्री सईद सिद्दीकी, वरिष्ठ कांग्रेसी हरेंद्र सिंह बोरा, बीना जोशी, व्यापारी नेता नरेश चौधरी, कुंदन मेहता, कमलेश यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। संवाद