नैनीताल। स्थानीय टैक्सी चालकों को टोल पास जारी नहीं करने के विरोध में विभिन्न टैक्सी यूनियनों ने बृहस्पतिवार को नगर पालिका कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। यूनियन पदाधिकारियों ने प्रशासन पर बार-बार आश्वासन देने के बावजूद व्यवस्था लागू नहीं करने का आरोप लगाते हुए सभी टैक्सी वाहनों के लिए शीघ्र टोल पास जारी करने की मांग की। चेतावनी दी कि यदि समाधान नहीं निकाला तो आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान यूनियन नेताओं ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद पंजीकृत टैक्सी वाहनों के नैनीताल शहर में प्रवेश पर उत्तराखंड उच्च न्यायालय के निर्देशों पर रोक लगी थी। टैक्सी यूनियन अध्यक्ष दीपक मटियाली ने बताया कि इसी मामले में हाईकोर्ट ने तीन मई को शहर की 400 टैक्सी वाहनों को पास देने के निर्देश दिए थे। कई बार पालिका में जाने के बाद भी पास नहीं बनाए गए हैं। प्रदर्शन में तल्लीताल टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष रमेश जोशी, सचिव दीवान रौतेला, उपसचिव राहुल शाह, संरक्षक प्रवीण बिष्ट, उपाध्यक्ष गोविंद पवार आदि मौजूद रहे। संवाद
पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल का कहना है कि कोर्ट से 2017 से पूर्व के 400 वाहनों को पास देने के निर्देश मिले हैं। पास के लिए व्यक्ति को अपना नैनीताल का स्थायी निवास प्रमाण पत्र और वोटर आईडी की कॉपी जमा करनी होगी। इसके बाद पालिका की ओर से विचार किया जाएगा।