टांडा जंगल में मोतिया लाइन के पास रविवार दोपहर दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में कार सवार एयरफोर्स के फ्लाइट लेफ्टिनेंट सहित पांच लोग घायल हो गए, लेकिन संयोग रहा कि सहायक लेफ्टिनेंट के एक साल के बेटे को खरोंच तक नहीं आई। घायलों में दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त कारों को क्रेन की मदद से टीपीनगर पुलिस चौकी पहुंचाकर यातायात व्यवस्था सामान्य की।
मुरादाबाद जिले के जिगर कालोनी निवासी एयरफोर्स के फ्लाइट लेफ्टिनेंट अमन जैन (28) अपनी पत्नी वैशाली जैन, एक साल के बेटे कान्हा और मां ममता जैन के साथ तिकोनिया में अपनी बहन से मिलने के लिए आए थे। रविवार दोपहर जैन परिवार रिश्तेदारों से मुलाकात कर आल्टो कार (एचआर 01 डी-0416) से लौट रहा था।
मोतिया लाइन के पास पहुंचने पर रुद्रपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार इंडिगो कार और फ्लाइट लेफ्टिनेंट की कार की टक्कर हो गई। दुर्घटना में फ्लाइट लेफ्टिनेंट के साथ ही उनकी पत्नी और मां घायल हो गए। इस बीच राहगीरों ने फ्लाइट लेफ्टिनेंट के परिवार को कृष्णा अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में पति-पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि मासूम बेटा बाल-बाल बच गया। वहीं इंडिगो कार सवार बरेली जिले के रामलीला मैदान इज्जतनगर निवासी ट्रांसपोर्टर राकेश सिंह और उनकी पत्नी वीना भी घायल हो गए। दोनों को पुलिस ने एंबुलेंस से सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया।
70 की स्पीड थी कार की
घायल ट्रांसपोर्टर का कहना है कि घटना के समय एक अन्य गाड़ी सामने आ गई थी। उस समय सामने की कार की स्पीड लगभग 70 किलोमीटर प्रतिघंटा थी। अचानक हादसा होने के बाद आंखों में अंधेरा छा गया था। इसी स्थान पर पिछले सप्ताह बाइक सवार एक युवती की भी तेल टैंकर की टक्कर से मौत हो गई थी।