हल्द्वानी के कोतवाली राजपुरा क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर रात जुए की फड़ पर विवाद के दौरान 50-60 नकाबपोश बाइक सवारों की ओर से फायरिंग और तलवार लहराने का मामला सामने आया, हालांकि पुलिस ने इसे अफवाह बताया है।
हल्द्वानी शहर के कोतवाली राजपुरा क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर रात जुए की फड़ पर विवाद के दौरान फायरिंग और उसके बाद तलवार लहराने का मामला सामने आया है। अराजकता करने वाले बाइक सवार नकाबपोश करीब 50 से 60 लोग बताए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस ने फायरिंग और तलवारी लहराने की बात को अफवाह बताया है।
क्षेत्रीय निवासी ध्रुव कश्यप ने बताया कि देर रात क्षेत्र में कई बाइकों पर करीब 50-60 लोग तलवारें और लाठी डंडे लहराते हुए पूरे इलाके में अराजकता करते हुए निकले। जानकारी की तो पता चला कि विवाद जुए के एक फड़ पर हुआ था। इसके बाद वहां फायरिंग भी हुई और झगड़ा बढ़ता चला गया। कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर यह मामला वायरल होने लगा।
विज्ञापन
पुलिस का कहना है कि झगड़े की सूचना तो मिली थी लेकिन फायरिंग की बात अफवाह है। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस ने अपने स्तर से जांच शुरू की है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।