102 वर्ष की आयु में वोट देने को तैयार हैं नवाब जान
गदरपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम लखनऊ निवासी करीब 102 वर्षीय नवाब जान मतदान के लिए उत्सुक हैं। सन 1923 में ग्राम डूंढई थाना शहजादनगर जिला रामपुर में जन्मे नवाब जान 62 वर्ष की उम्र में गदरपुर के ग्राम लखनऊ में आकर बस गए। पहले और आज के मतदान को लेकर उनका कहना है कि समय के साथ सब बदलता जा रहा है। नवाब जान के परिवार में चार बेटे और तीन बेटियां हैं। चौथी पीढ़ी देख रहे नवाब जान के दो पोते उत्तराखंड पुलिस में तो एक पोता सेना में है। उन्होंने बताया कि पहले चुनाव का शोर नहीं होता था।
आपातकाल के बाद इंदिरा गांधी को जेल भेजा गया तो उनके समर्थन में वह 13 दिन रामपुर जेल में भी बंद रहे थे। नवाब जान कई चुनावों में मतदान कर चुके है। इस बार भी वो मतदान करने के लिए उत्सुक हैं। वह बताते हैं सीएम रहते नारायण दत्त तिवारी ने तराई को बसाने में अहम भूमिका का निर्वाह किया था। उन्होंने बताया ग्राम लखनऊ में सबसे पहले बिजली लगाने का काम नारायण दत्त तिवारी ने किया था। उम्र का शतक पार कर चुके नवाब जान की याददाश्त कमजोर होती जा रही है। स्वास्थ्य कारणों से थोड़ा असहज हैं, लेकिन मतदान करने के लिए तैयार हैं।