हल्द्वानी। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने निगरानी का मजबूत नेटवर्क तैयार किया है। 21 जून को होने वाली परीक्षा के लिए नैनीताल जिले को दो जोन और 11 सेक्टरों में बांटा गया है। परीक्षा केंद्रों से लेकर प्रश्नपत्रों के सुरक्षित वितरण और अभ्यर्थियों की जांच तक हर व्यवस्था पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। जिले में 3874 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
नीट की तैयारियों की समीक्षा के लिए शुक्रवार को डीएम ललित मोहन रयाल ने नगर निगम सभागार में पुलिस, प्रशासन और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहनी चाहिए और किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने परीक्षा केंद्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, बिजली बाधित होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखने, पेयजल, शौचालय और यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की।
ये निर्देश दिए
सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रहें।
अभ्यर्थियों को बायोमैट्रिक सत्यापन के बाद ही प्रवेश दिया जाए।
किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए।
अनियमितता तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।
प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन और वितरण पर भी विशेष निगरानी रखी जाए।
सभी केंद्र सेक्टर बनाए गए
परीक्षा के नोडल अधिकारी सौरभ असवाल ने बताया कि प्रत्येक जोन और सेक्टर में अधिकारियों की तैनाती की गई है। जिले के सभी 11 परीक्षा केंद्रों को सेक्टर घोषित किया गया है। इन केंद्रों पर कुल 3874 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। बैठक में एसपी सिटी मनोज कत्याल, सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी आदि थे।
धारा 164 रहेगी लागू
हल्द्वानी। नीट के लिए हल्द्वानी में नौ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। नगर मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कालाढूंगी रोड, एमबीपीजी कॉलेज, एमबी इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज नारायण नगर कुसुमखेड़ा, ललित आर्या महिला इंटर कॉलेज, खालसा नेशनल बालिका इंटर कॉलेज भोटिया पड़ाव, महात्मा गांधी इंटर कॉलेज बरेली रोड, एचएन इंटर कॉलेज और राजकीय इंटर कॉलेज राजपुरा को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। दो केंद्र लालकुआं और हल्दूचौड़ में हैं। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए इन केंद्रों के आसपास परीक्षा से एक दिन पहले से लेकर परीक्षा समाप्त होने तक भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 164 लागू रहेगी।
परीक्षा की गरिमा बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करना होगा। किसी भी प्रकार की अनियमितता, अव्यवस्था या लापरवाही को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। - ललित मोहन रयाल,जिलाधिकारी