दीपावली पर बिजली आपूर्ति सुचारु करने के लिए लंबे समय से तैयारी में लगे ऊर्जा निगम को झटका लगा है। टीपीनगर बिजलीघर के फीडर के फ्यूज गर्म होने पर इन्हें बदलना पड़ा, जिससे रामपुर रोड, देवलचौड़ क्षेत्र की बिजली त्योहार पर एक घंटा बाधित रही। वहीं लाइनों में छुटमुट फॉल्ट से उपभोक्ता परेशान रहे।
दीपावली पर हल्द्वानी शहर में बिजली की खपत बढ़ गई। घरों में झालर, लाइटिंग और सजावटी उपकरणों के इस्तेमाल के साथ ही बाजारों, प्रतिष्ठानों और व्यावसायिक परिसरों को रोशनी से सजाया गया था। इससे शाम से देर रात तक बिजली का इस्तेमाल सामान्य दिनों की अपेक्षा पांच फीसदी बढ़ गया है। यूपीसीएल के रिकार्ड के मुताबिक त्योहार पर नैनीताल जिले में एक दिन में 1.70 लाख यूनिट बिजली खर्च बढ़ा है। हल्द्वानी के टाउन और ग्रामीण डिविजन में सामान्य दिनों में एक दिन में 16 से 17 लाख यूनिट बिजली का खर्चा है।
केवल तीन शिकायतें आईं-
शहर में 1.60 लाख से अधिक उपभोक्ता हैं लेकिन दीपावली के दिन अन्य दिनों की अपेक्षा यूपीसीएल को शिकायतें कम मिली। अधिशासी अभियंता एसके गुप्ता ने बताया कि दीपावली के दिन हल्द्वानी की एक और लालकुआं की दो शिकायतें मिलीं। वहीं शहर डिविजन के ईई प्रदीप कुमार ने बताया कि किसी उपभोक्ता की शिकायतें प्राप्त नहीं हुई।
बिजली की डिमांड बढ़ने का रिकार्ड अभी उपलब्ध नहीं हो पाया है, अनुमान के मुताबिक सामान्य से इसमें बढ़ोतरी का अनुमान है। - रवि कुमार राजौरा, अधीक्षण अभियंता, यूपीसीएल