मुख्य मंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपते हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश। विज्ञप्ति
हल्द्वानी। रेलवे की भूमि से अतिक्रमण हटाने के मामले में हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर उन्हें प्रार्थना पत्र सौंपा। उन्होंने सीएम से इस मामले में हस्तेक्षप करने की मांग की।
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर कहा कि नैनीताल हाईकोर्ट में रेलवे की भूमि पर अतिक्रमण का मामला विचाराधीन है। इसी मामले में सुप्रीम कोर्ट ने नगर निगम हल्द्वानी, राजस्व विभाग एवं रेलवे को संयुक्त रूप से सीमांकन कर अपनी रिपोर्ट प्रेषित करने की बात कही थी। अब रेलवे, नगर निगम और राजस्व विभाग की ओर से संयुक्त सीमांकन किए बगैर ही नक्शा पेश किया गया है।
हृदयेश ने कहा कि इस नक्शे में नजूल एवं राजस्व की भूमि को भी सम्मिलित कर दिया गया है। कहा कि रेलवे के नक्शे में 20 से अधिक सरकारी एवं निजी विद्यालय, मंदिर, मस्जिद भी आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अलावा रेलवे कई निजी संपत्तियों को अपनी भूमि बता रहा है। कई लोगों के पास इसके वैध कागज भी हैं। सुमित का कहना है कि उनकी मां स्व. इंदिरा हृदयेश ने रेलवे अतिक्रमण के मामले में सुप्रीम कोर्ट से स्टे दिलाकर क्षेत्र के लोगों को राहत दिलवाई थी। इसके बाद भी राजस्व विभाग, नगर निगम अपनी जमीन का चिन्हीकरण ठीक तरीके से नहीं कर पाए। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को क्षेत्र के हजारों लोगों के बेघर होने का हवाला देते हुए मामले में हस्तक्षेप करते हुए रेलवे, नगर निगम, राजस्व विभाग को संयुक्त रूप से तत्काल सीमांकन करने के आदेश जारी करने का निवेदन भी किया। सुमित हृदयेश ने बताया कि मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को इस मामले में आदेशित किया है।