हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में शुक्रवार से सामान्य वर्ग में 50 प्रतिशत अंक वाले विद्यार्थियों स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश मिलेगा। कॉलेज प्रशासन ने बृहस्पतिवार को महाविद्यालय की वेबसाइट पर तीसरी वरीयता सूची अपलोड की, इसके प्रवेश 29 जुलाई तक होंगे।
सत्र 2025-26 के लिए 17 जुलाई से कॉलेज में शुरू हुई ऑफलाइन प्रवेश प्रक्रिया के तहत अबतक कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय में 2281 प्रवेश हो चुके हैं। महाविद्यालय में 6135 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। बृहस्पतिवार को स्नातक प्रथम सेमेस्टर में 162 प्रवेश हुए। इममें बीए में 94, बीकॉम में 34, बीएससी गणित में 20, बायो में 14 प्रवेश हुए।
-
कॉलेज की वेबसाइट पर प्रवेश की तीसरी कटऑफ अपलोड कर दी गई है। योग्य विद्यार्थी कॉलेज में आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रवेश के लिए पहुंचे। - डॉ. रोहित कांडपाल, सहायक प्रवेश प्रभारी
महिला डिग्री कॉलेज में हुए मात्र पांच प्रवेश
महिला डिग्री कॉलेज में अब तक 50 प्रतिशत प्रवेश भी पूरे नहीं हो पाए हैं। बृहस्पतिवार को स्नातक प्रथम सेमेस्टर में मात्र पांच प्रवेश हुए। इसमें बीए में चार और बीएससी गणित में एक छात्रा ने प्रवेश लिया।
-
गौलापार महाविद्यालय का प्रवेश रथ चल रहा है बेहद धीमा
राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी शहर में प्रवेश के लिए इस बार समर्थ प्रवेश पोर्टल से करीब 182 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। मगर अबतक कॉलेज में पांच प्रवेश भी नहीं हो पाए हैं। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि प्रवेश संख्या बढ़ेगी अभी प्रवेश जारी हैं।