फोटो। एलबीएस में छात्रों और पुलिस के बीच झड़प।फोटो। पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए 6 छात्र।
लालकुआं। लालबहादुर शास्त्री राजकीय महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर आईसा और एनएसयूआई के दावेदारों की ओर से महाविद्यालय गेट पर धरना दिया गया। कॉलेज प्रशासन के अनुरोध पर छात्रनेता गेट से नहीं हटे। छात्रों को हटाने को लेकर हुई धक्कामुक्की के दौरान कॉलेज प्रशासन ने पुलिस बुला ली।
आरोप है कि पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शन कर रहे अध्यक्ष पद के दावेदार धीरज कुमार, योगेश कुमार, सुमित सिंह कार्की, कमल चंद्र पांडेय, मनीष कुमार और यशपाल राम को हिरासत में लेकर लालकुआं कोतवाली में बैठा दिया। छात्रों का कहना है कि पुलिस ने उनके मोबाइल से मारपीट के फोटो और वीडियो भी डिलीट कर दिए। छात्रनेताओं का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन दबाव बना कर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे छात्रों का उत्पीड़न कर रहा है। पुलिस से धक्कामुक्की में कई छात्रों के कपड़े भी फट गए। लालकुआं थाने में कई घंटे छात्रनेताओं को बैठाने के बाद शाम को चालानी कार्रवाई के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया। पुलिस ने छह छात्रों के खिलाफ बीएनएस की धारा 135,176 और 151 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इधर आंदोलित छात्र नेताओं ने एसएसपी से मुलाकात करने का निर्णय लिया है। साथ ही सरकार और शिक्षा मंत्री पर छात्रों के अधिकारों का हनन करने का आरोप लगाया है। इस दौरान अध्यक्ष पद के दावेदार धीरज कुमार, सचिव दावेदार योगेश कुमार आदि रहे।