रामनगर। पुलिस प्रशासन की ओर मंगलवार शाम ऑपरेशन रोमियो के तहत अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने 100 से अधिक लोगों को सड़कों पर आवारागर्दी करते हुए पकड़ा। पुलिस ने मनचलों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई कर जुर्माना वसूला।
विज्ञापन
ऑपरेशन रोमियो की बागडोर संभाले कोतवाल अरुण कुमार सैनी के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों की टीम मंगलवार शाम सड़क पर उतरी। इस दौरान पुलिस ने रानीखेत रोड, भवानीगंज, लखनपुर, इंदिरा कॉलोनी, बंबाघेर, मुख्य बाजार, गुलरघट्टी, कोटद्वार रोड सहित कई स्थानों पर सड़कों पर आवारागर्दी करते हुए मनचलों को पकड़ कर उन्हें महाविद्यालय में बनाई गई अस्थायी जेल तक पहुंचाया। पुलिस की इस कार्रवाई से सड़क किनारे खड़े ठेले और खोमचों पर शराब पीने वालों में खलबली मच गई। पुलिस को सड़क पर जो भी नशे की हालत में मिला, उसे बस में बैठाकर अस्थायी जेल ले जाया गया। इस कारण डिग्री कॉलेज पर तमाशबीनों की भीड़ जमा हो गई। पकड़े गए सभी लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत जुर्माने की कार्रवाई की गई।