छात्रसंघ चुनाव के मद्देनजर आज नैनीताल रूट पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा। पर्वतीय मार्गों से आने वाले सभी भारी वाहन (ट्रक, डंपर और तेल के टैंकर आदि) नारीमन तिराहे से गौला बाइपास की तरफ मोड़ दिए जाएंगे। वहीं कालाढूंगी तिराहा से कॉलेज तक किसी वाहन को नहीं जाने दिया जाएगा।
प्रभारी यातायात मोहन सिंह डोबाल के मुताबिक एमबीपीजी कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव के मद्देनजर शनिवार को पर्वतीय मार्गों से आने वाले वाहनों को नैनीताल रोड से जाने पर रोक लगा दी गई है। पहाड़ की तरफ से आने वाले छोटे वाहन शहर जाने के लिए कालटैक्स तिराहा से नहर कवरिंग रोड की तरफ मोड़े जाएंगे।
पहाड़ की तरफ जाने वाले वाहन हाइडिल तिराहा, नैनीताल रोड से नहर कवरिंग रोड की ओर से कालटैक्स तिराहा होकर जाएंगे। इसी तरह कालाढूंगी रोड से आने वाले सभी प्रकार के वाहन पहाड़ की तरफ जाने के लिए लालडांठ तिराहा और मुखानी तिराहा से नहर कवरिंग रोड से होकर जाएंगे।
ऐसे ही बरेली रोड से आने वाले और पहाड़ को जाने वाले सभी वाहन तीनपानी तिराहा से गौला बाइपास की ओर डायवर्ट किए गए हैं। शेष वाहन कालाढूंगी चौराहे से मुखानी नहर कवरिंग रोड होते हुए काठगोदाम की तरफ जाएंगे। रामपुर रोड से आने वाले वाहन टीपीनगर तिराहा से तीनपानी तिराहा से गौला बाइपास की ओर से होकर जाएंगे।
पहाड़ से आने वाली रोडवेज बसें, केमू की गाड़ियां और टैक्सी, जीप आदि वाहन नारीमन तिराहा से गौलापुल बाइपास से होते हुए बनभूलपुरा से शहर में प्रवेश करेंगे। इसी प्रकार पहाड़ से आने वाले वाहन रोडवेज बसें, केमू, टैक्सी और जीप बनभूलपुरा होते हुए गौला बाईपास से नारीमन चौराहे से होकर पहाड़ को जाएंगी। ब्यूरो