रामनगर। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) का ढिकाला जोन नए पर्यटन सत्र में पर्यटकों को एक नया और अनूठा अनुभव देने जा रहा है। जंगल सफारी और वन्यजीवों के दीदार के साथ अब रात में पर्यटक चांद-तारों को निहार सकेंगे। इसके लिए ढिकाला में स्टार गेजिंग की सुविधा शुरू की जाएगी।
सीटीआर का ढिकाला जोन पर्यटकों की पहली पसंद रहता है। पर्यटकों को रात्रि विश्राम की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। अब पर्यटकों को जंगल के भीतर से अंतरिक्ष के नजारों का अनुभव देने की तैयारी है। पार्क वार्डन बिंदरपाल ने बताया कि ढिकाला में पहले से टेलीस्कोप मौजूद है। मरम्मत के बाद दूरबीन को नए रंग-रूप में स्थापित किया जाएगा। पर्यटन सत्र शुरू होते ही यह सुविधा पर्यटकों के लिए उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। शुरुआती चरण में दूरबीन के संचालन के लिए प्रशिक्षित स्टाफ की तैनाती की जाएगी। वनकर्मियों को खगोलीय जानकारी देने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद वनकर्मी पर्यटकों को जरूरी जानकारी देंगे।