फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दरोगा से बोले-एसओ, खनन में पकड़े डंपर विधायक के हैं, उन्हें छोड़ दो, ऑडियो हुआ वायरल

Tue, 19 Nov 2019 03:30 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भीमताल/बेतालघाट (नैनीताल)
विज्ञापन
विज्ञापन

बेतालघाट के थानाध्यक्ष रोहिताश सागर और एसआई सादिक हुसैन के बीच अवैध खनन को लेकर हुई बात का ऑडियो वायरल होने पर एसएसपी सुनील कुमार मीणा ने दोनों को लाइन हाजिर कर दिया है। मामले की जांच एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव को सौंपी है।

विज्ञापन


वायरल ऑडियो में थानाध्यक्ष रोहिताश सागर एसआई सादिक हुसैन को फोन कर अवैध खनन में पकड़े गए सात डंपर एक विधायक के होने की बात कहकर उन्हें छोड़ने की बात कहते हुए सुनाई दे रहे हैं। साथ ही थानाध्यक्ष की ओर से एसआई को बताया जा रहा है कि विधायक ने ऊपर स्तर पर वार्ता कर ली है।

तुम उन वाहनों को बिना थाने लाए छोड़ दो। ऑडियो में एसआई थानाध्यक्ष से कह रहे हैं कि अवैध खनन तो गलत है और अवैध खनन करने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए। लेकिन थानाध्यक्ष विधायक की बात होने का हवाला देकर डंपर छोड़ वापस थाने आने की बात कहकर फोन काट देते हैं। पांच दिन पहले एसआई सादिक हुसैन का तबादला बागेश्वर कर दिया जाता है।
विज्ञापन


अब इसे लेकर पुलिस प्रशासन के उच्च अधिकारियों पर सवाल उठाए जा रहे है। यह भी सवाल उठाए जा रहे कि वह विधायक कौन था जिसके लिए थानाध्यक्ष पैरवी करते नजर आ रहे है।

विज्ञापन

एसआई सादिक हुसैन वायरल ऑडियो में बता रहे है कि बेतालघाट में अवैध खनन जोरों पर है। रोजाना कई डंपर रात में अवैध खनन कर रहे हैं लेकिन कार्रवाई नहीं हो पाती है। वह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि अवैध खनन पर उन्होंने कार्रवाई करनी चाही लेकिन उन्हें कार्रवाई करने नहीं दी गई।

उधर, बेतालघाट क्षेत्र के लोगों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि सफेदपोश नेताओं, मंत्रियों, पुलिस और जिला प्रशासन की मिलीभगत के चलते अवैध खनन धड़ल्ले से चल रहा है लेकिन कार्रवाई के नाम पर शासन-प्रशासन अनजान बना हुआ है।

जो ऑडियो वायरल हुआ है उसे देखते हुए थानाध्यक्ष और एसआई को पुलिस लाइन में अटैच किया गया है। जांच की कार्रवाई एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव को सौंपी गई है। जांच सही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। एसआई का पांच दिन पहले तबादला हुआ है। जो ऑडियो वायरल हुआ है वह कुछ दिन पुराना लग रहा है फिर भी जांच के बाद ही कार्रवाई होगी।
-सुनील कुमार मीणा, एसएसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें