हल्द्वानी। अगले साल हरिद्वार में आयोजित होने वाले अर्धकुंभ के लिए श्रद्धालुओं में आस्था और उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से कुंभ गीत रिलीज किया गया है। गीत को उत्तराखंड के गायक प्रभाकर जोशी और उत्तर प्रदेश की गायिका डॉ. मेनका मिश्रा ने स्वर दिए हैं।
गायक प्रभाकर जोशी के मुताबिक, ये हरिद्वार है-ये हरिद्वार है, सारा भारत जहां जुटा हो वो देवभूमि का द्वार है.. बोल के इस गीत को 23 नवंबर को टी-सीरीज ने रिलीज किया है। गीत की परिकल्पना नैनीताल के डीएम ललित मोहन रयाल ने की है। इसे डॉ. श्लेष गौतम ने लिखा है जबकि संगीत निर्देशन धनेश राज ने किया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जल्द ही इस गीत का विमोचन करेंगे। कुंभ गीत के माध्यम से देवभूमि की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्ता को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। बता दें कि वर्ष 2027 में हरिद्वार में होने वाले अर्धकुंभ में देश-विदेश से श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।