नैनीताल। दो दिन बाद भी बिजली और पानी की आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी है। लोगों को संकट झेलना पड़ रहा है।
नैनीताल में बृहस्पतिवार और शुक्रवार को बर्फबारी हुई थी। बर्फबारी के कारण पेयजल और विद्युत आपूर्ति ठप हो गई थी। मंगावली, राजपुरा और स्टोनले कंपाउंड में बिजली नहीं आई। आयारपाटा क्षेत्र में भी बिजली और पानी की व्यवस्था सुचारु नहीं हो सकी है। आयारपाटा के सभासद मनोज साह जगाती ने बताया कि आयारपाटा क्षेत्र के कई क्षेत्रों में पानी नहीं आ रहा साथ ही बिजली भी नहीं है। बताया कि विभागीय अधिकारियों को कॉल कर रहे हैं लेकिन कोई भी अधिकारी कर्मचारी फोन नहीं उठा रहे हैं। कई क्षेत्रों में सड़कों पर बर्फ जमा होने के कारण वाहनों की आवाजाही नहीं हो पा रही है। ऊर्जा निगम के एसडीओ प्रियंकपांडे ने बताया विद्युत लाइन नहीं जुड़ पाई है। टीम लगातार काम कर रही है। जल्द आपूर्ति बहाल होने की संभावना है।
बंद सड़कों के खुलने से यातायात सुचारु
भीमताल/गरमपानी। बर्फबारी के कारण बंद हुई सड़कें रविवार को खुल गईं और यातायात सुचारु हो गया। खुटानी-पदमपुरी, धानाचूली-मनाघेर, पहाड़पानी, ओखलकांडा, परबड़ा, कौल, चोरलेख, नाई, भीड़ापानी, हरीनगर, काफली, रामगढ़-भवाली मार्ग पर यातायात सुचारु होने से वाहन चालकों और यात्रियों ने राहत की सांस ली। हालांकि अभी सड़क किनारे और गांवों में एक फीट तक बर्फ जमी हुई है। लोनिवि ईई मदन मोहन सिंह पुंडीर ने बताया कि विभाग की ओर से सभी बंद सड़कों को खोल दिया गया है। उन्होंने बताया कि अभी भी जेसीबी सड़क किनारे जमी बर्फ को हटाने में लगी हुई है। इधर बेतालघाट ब्लॉक के सीम-तल्लाकोट मोटर मार्ग के रविवार को सीम-घटेश्वर के पास खुलने से स्थानीय ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। लोनिवि ने जेसीबी से बंद सड़क का मलबा साफ कर यातायात शुरू कराया। मार्ग खुलने से तल्लाकोट, सीम, जोग्याड़ी, घौणा और बजेड़ी के ग्रामीणों की समस्या का निस्तारण हुआ।
बर्फ में फिसलकर पांच लोग चोटिल
नैनीताल। पाला गिरने से फिसलन बढ़ गई है। बर्फ में फिसलकर पांच लोग चोटिल हो गए। जानकारी के अनुसार रविवार को शहर के सात नंबर, स्नोव्यू और मल्लीताल क्षेत्र में पांच लोग बर्फ में फिसलकर चोटिल हुए हैं। राहगीरों की मदद से सभी को बीडी पांडे अस्पताल इलाज के लिए ले जाया गया। पीएमएस डॉ. केएस धामी ने बताया कि रविवार को 53 वर्षीय राकेश, 40 वर्षीय संतोष कुमार, 16 वर्षीय शंकर, 26 वर्षीय विशाल और 36 वर्षीय इमरान बर्फ में फिसलकर चोटिल हुए हैं। बताया कि सभी को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।