जिला पूर्ति अधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को राशन की दुकानों पर ताबड़तोड़ छापे मारे गए। छापे में मनमाने तरीके से केरोसिन का वितरण और बिक्री रजिस्टर पर उपभोक्ताओं के हस्ताक्षर न होने समेत अन्य खामियां मिलने पर छह दुकानें निलंबित कर दी गई, जबकि सात अन्य दुकानें बंद मिलने पर स्वामियों को नोटिस जारी किया गया है।
जिला पूर्ति अधिकारी तेजबल सिंह ने शुक्रवार को राशन की दुकानों की जांच कराई। छापे के दौरान आसपास के लोगों ने बताया कि दुकानें अधिकांश बंद रहती हैं। जांच में पता चला कि अभिलेख पूर्ण नहीं हैं। बिक्री कम चेक रजिस्टर जांच के लिए टीम को नहीं दिया गया। बिक्री रजिस्टर पर उपभोक्ताओं को हस्ताक्षर नहीं मिले। केरोसिन का वितरण मनमाने तरीके से किया जा रहा था।
बिक्री रजिस्टर पर किसी उपभोक्ता को क्या खाद्य सामग्री दी गई इसका उल्लेख नहीं था। सिंह के निर्देश पर मो. इरफान सस्ता गल्ला विक्रेता किदवई नगर, निजामुद्दीन सस्ता गल्ला विक्रेता आजाद नगर, बारबर कोआपरेटिव सोसायटी आजाद नगर, फरसराज अहमद सस्ता गल्ला विक्रेता लाइन नंबर आठ आजाद नगर, मंसूर हुसैन सस्ता गल्ला विक्रेता नई बस्ती और जीत सिंह सस्ता गल्ला विक्रेता वार्ड नंबर पांच नई बस्ती काठगोदाम की दुकानें निलंबित कर दी गईं।
सिंह ने बताया कि छापे के दौरान पूजा राजौर गांधीनगर, इंद्र लाल गांधीनगर, प्रदीप सागर गांधीनगर, दीपक भाकुनी गांधीनगर, वैश्य कादरी इंदिरा नगर, मुन्ना सलमानी इंदिरा नगर और अब्दुल रहमान नई बस्ती की दुकानें बंद मिलीं। सभी को नोटिस जारी कर दुकान बंद होने का कारण पूछा गया है। जवाब मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई होगी।