हल्द्वानी/रामनगर। 16 सदस्यीय उत्तराखंड की महिला क्रिकेट अंडर 19 टीम में जिले की छह खिलाड़ियों का भी चयन हुआ है। जिला क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष कमल पपनै ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय हल्द्वानी की 11 वीं की छात्रा आवास विकास कालोनी निवासी मीनाक्षी जोशी, बिंदुखत्ता की लक्ष्मी बसेरा, ज्योति गिरी, शगुन चौधरी, गायत्री आर्या और रामनगर की नीलम भारद्वाज ने टीम में जगह बनाई है। सभी खिलाड़ी पांच सितंबर को देहरादून में टीम से जुड़ेंगे। छह सितंबर को बंगलुरु में 15 दिन के प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेंगे। इसके बाद गुजरात में होने जा रही महिला एकदिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेंगे। पपनै के अनुसार मीनाक्षी जोशी मध्यम तेज गति की गेंदबाज हैं। वह पिछले छह साल से हल्द्वानी के दो नहरिया में कोल्ट्स क्रिकेट एकेडमी में कोच मनोज भट्ट और निश्चल जोशी से क्रिकेट के गुर सीख रही हैं।
उधर, रामनगर में कॉर्बेट क्रिकेट एकेडमी की क्रिकेटर नीलम भारद्वाज जीजीआईसी रामनगर में 11वीं की छात्रा है। 15 वर्षीय नीलम पहले भी उत्तराखंड के लिए अंडर-19, अंडर-23 व सीनियर महिला क्रिकेट टीम से बीसीसीआई की ओर से आयोजित बोर्ड ट्रॉफी में भी खेल चुकी है। कोच मो. इसरार अंसारी ने बताया कि नीलम दाएं हाथ की ऊपरी क्रम की बल्लेबाज ओर तेज गेंदबाज हैं। (संवाद)