रामनगर। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में छह युवकों को गिरफ्तार कर छह तमंचे और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इनमें से चार लोग सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर रहे थे। कोर्ट में पेशी के बाद सभी को जेल भेज दिया गया है।
रामनगर कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि सोशल मीडिया पर कुछ युवक सरेआम हथियारों का प्रदर्शन कर रहे थे। जांच के बाद शनिवार को पुलिस ने अनुज सिंह निवासी चोरपानी शिवनगर काॅलोनी रामनगर, योगेश सागर निवासी लूटाबढ़ रामनगर, अंकुश निवासी नई बस्ती पूछड़ी रामनगर और राशिद निवासी टाडा मल्लू रामनगर नैनीताल को पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से चार तमंचे और नौ जिंदा कारतूस बरामद हुए। वहीं दूसरे मामले में पुलिस ने सोनू अधिकारी और सूर्य बिष्ट निवासीगण लखनपुर चुंगी रामनगर को दो तमंचों और दो जिंदा कारतूस के साथ दबोचा।
कोतवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से योगेश सागर उर्फ मंकू के खिलाफ पूर्व में गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। वहीं पकड़े सभी आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी केस दर्ज हुए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हथियारों का भय दिखाकर क्षेत्र में अपनी साख बनाने की कोशिश कर रहे थे।
एसएसपी, प्रहलाद मीणा ने बताया कि सोशल मीडिया पर पुलिस की टीमें नजर बनाए हुए हैं। हथियारों के साथ सोशल मीडिया पर फोटो अपलोड करने वालों के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी।