स्व. सोबन सिंह बिष्ट इंटर कॉलेज फुटबाल प्रतियोगिता
- फोटो : अमर उजाला
रामनगर। लखनपुर स्पोर्टस क्लब की ओर से चल रही स्व. सोबन सिंह बिष्ट इंटर कॉलेज फुटबाल प्रतियोगिता में मंगलवार को अपने-अपने लीग मैच जीतते हुए ग्रेट मिशन और आर्मी स्कूल हेमपुर ने फाइनल में प्रवेश किया। महाविद्यालय के क्रीड़ा मैदान में आयोजित प्रतियोगिता में पहला लीग मैच ग्रेट मिशन इंटर कॉलेज और एमपी हिंदू इंटर कॉलेज की टीमों के बीच खेला गया। इसमें ग्रेट मिशन की टीम ने एमपी की टीम को 1-0 से पराजित किया। मैच की मुख्य अतिथि महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष आशा बिष्ट रहीं।
दूसरा मैच आर्मी पब्लिक स्कूल हेमपुर व सैंट जोसफ पीरूमदारा के बीच हुआ। दूसरा मैच ड्रा होने की स्थिति में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर चार अंक पाने वाली आर्मी स्कूल हेमपुर को फाइनल मैच में खेलने का हकदार माना गया। मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी आनन्द सिंह नेगी व अतुल अग्रवाल ने संयुक्त रुप से खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर किया।
इस दौरान मुख्य निर्णायक दीपक रावत व सह निर्णायक महिपाल थापा, विपिन बुधोड़ी रहे। क्लब के अध्यक्ष जितेंद्र बिष्ट ने बताया कि फाइनल मैच बुधवार शाम चार बजे से होगा। इस मौके पर क्लब के विनय पलड़िया, ललित चौधरी, चंदन नेगी, शुभम भट्ट, पंकज मनराल, सुरेन्द्र गंगवार, हेम पांडे, सुरेंद्र लाल आदि थे। ब्यूरो