नैनीताल। देश में कोराना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए नैनीताल व्यापार मंडल ने 22 मार्च से 25 मार्च तक व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बंद रखने का फैसला लिया है। इस अवधि में आवश्यक वस्तुओं की दुकानें रोजाना की तरह ही खुली रहेंगी। बाजार बंदी के बाबत व्यापार मंडल ने ध्वनि विस्तारक यंत्रों से भी लोगों को सूचना दी गई।
शनिवार को मल्लीताल व्यापार मंडल अध्यक्ष किशन सिंह नेगी की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय किया कि 25 मार्च तक दुकानें बंद रहेंगी। चार दिन की इस बंदी से मेडिकल स्टोर, दूध, सब्जी, मिठाई, राशन की दुकानों को मुक्त रखा गया है। तय किया कि 25 मार्च को फिर से बैठक कर भावी रणनीति तय की जाएगी। नेगी ने सभी व्यापारियों से सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए कोराना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए अपने अपने स्तर से योगदान की अपील की है।
बैठक में त्रिभुवन सिंह फर्त्याल, शिव नागपाल, तरुण कांडपाल, रूचिर साह, राजू वर्मा, शहनवाज, दानिश, पारस, गुड्डू आदि व्यापारी मौजूद थे। वहीं तल्लीताल व्यापार मंडल के अध्यक्ष भुवन लाल साह की अध्यक्षता में हुई बैठक में भी बाजार बंदी को समर्थन दिया गया। बैठक में महासचिव हेमंत रूबाली समेत उप सचिव कनक साह, उपाध्यक्ष विक्की राठौर, ममता जोशी, भय्यू सती, अतुल पांडे, सनी, राकेश बिष्ट, ललित तिवारी, अजय वर्मा, हरीश लाल, प्रवीण बिष्ट आदि व्यापारी मौजूद थे।