वैलेजली लॉज की युवती के साथ एक सिरफिरे ने घर में घुसकर मारपीट की है। युवती का आरोप है कि युवक ने उसे कार से कुचलने का प्रयास किया था। अब तेजाब फेंकने की धमकी दे रहा है। पुलिस ने इस मामले में युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पहले भी युवक को शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार किया गया था।
वैलेजली लॉज निवासी युवती ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 24 अगस्त को गौजाजाली निवासी हरमिंदर सिंह उर्फ गगन ने उससे घर में घुसकर मारपीट की। इसके बाद चेहरे पर तेजाब फेंकने की धमकी दी। फिर भी गगन शांत नहीं हुआ और उसने देवाशीष होटल के सामने स्विफ्ट कार से कुचलने का प्रयास किया। वह जान बचाने के लिए भागकर होटल में गई। उसने असलहा निकालकर जान से मारने की भी धमकी दी थी। पुलिस ने मामले में धारा 352,504,506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कुछ दिनों पहले युवती की शिकायत पर भोटिया पड़ाव पुलिस ने हरमिंदर उर्फ गगन को शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार कर उसका असलहा जब्त कर लिया था। इस बारे में कोतवाल आरएस मेहता ने बताया कि युवती और गगन पहले दोस्त थे। दोनों एक साथ रहे भी हैं। दोनों के बीच झगड़ा होने के बाद दूसरी बार विवाद सामने आया है। पुुलिस इस मामले में जांच कर कार्रवाई करेगी।