हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता एवं आश्वासन केंद्र (सीईक्यूए) की बैठक शनिवार को विश्वविद्यालय मुख्यालय में कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में गुणवत्ता संवर्धन, शैक्षणिक उत्कृष्टता, नई शिक्षा नीति पर चर्चा के साथ महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में कुलपति प्रो. लोहनी के एक वर्ष के कार्यकाल के कार्यों पर आधारित वृत्तचित्र का प्रदर्शन किया गया। साथ ही प्रगति, परिवर्तन और नई ऊंचाइयां शीर्षक प्रगति आख्या का लोकार्पण किया गया। अनुसंधान निदेशक प्रो. गिरिजा पांडे ने विश्वविद्यालय की प्रगति पर प्रकाश डाला। सीआईक्यूए के अपर निदेशक प्रो. गगन सिंह ने पिछले एक वर्ष की उपलब्धि, शिक्षक विकास कार्यक्रम और गुणवत्ता नीतियों का ब्योरा दिया। कुलपति प्रो. लोहनी ने आगामी वर्ष में गुणवत्ता आश्वासन, डिजिटल परिवर्तन, शोध, कौशल विकास और छात्र सहायता सेवाओं के विस्तार पर बल देने की बात कही। यहां प्रो. गगन सिंह, संचालन डॉ. शशांक शुक्ल आदि रहे।